मंडी। जिला मंडी में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 160 पदों पर साक्षात्कार होंगे। इन पदों के लिए 10वीं पास युवक पात्र होंगे। अच्छी सैलरी के साथ अतिरिक्त ईपीएफ, ईएसआईसी, बीमा, ग्रेच्युटी एवं पेंशन की सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए हमीरपुर (बणी) द्वारा सुरक्षा गार्ड एवं सुपरवाइजर के कुल 160 पदों के लिए अधिसूचना जिला रोजगार कार्यालय को प्राप्त हुई हैं।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 19 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों की न्यूनतम लंबाई 168 सेंटीमीटर और वजन 55 से 95 किलोग्राम होना आवश्यक है।
कंपनी द्वारा 8 घंटे की ड्यूटी के लिए 17,000 रुपए से 18,000 रुपए प्रतिमाह और 12 घंटे की ड्यूटी के लिए 20,000 रुपए से 24,000 रुपए प्रतिमाह वेतन प्रदान किया जाएगा। वेतन के अतिरिक्त ईपीएफ, ईएसआईसी, बीमा, ग्रेच्युटी एवं पेंशन की सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति कांगड़ा, शिमला, सोलन, ऊना, सिरमौर और चंडीगढ़ में की जाएगी।
चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी द्वारा एक माह का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिसके पश्चात उन्हें विभिन्न हॉस्टलों में तैनात किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कंपनी के मांगपत्र के अनुसार प्रशिक्षण शुल्क 10,900 रुपए निर्धारित किया गया है, जो कंपनी के नियमानुसार रिफंडेबल होगा।
इन पदों के लिए 02 दिसंबर, 2026 को उप-रोजगार कार्यालय, गोहर, 03 दिसंबर को उप-रोजगार कार्यालय, सुंदरनगर, 04 दिसंबर को जिला रोजगार कार्यालय, मंडी, 05 दिसंबर को उप-रोजगार कार्यालय पधर , 07 दिसंबर, 2026 को उप-रोजगार कार्यालय, करसोग, 08 दिसंबर को उप-रोजगार कार्यालय, बालीचौकी, 09 दिसंबर को उप-रोजगार कार्यालय, सरकाघाट और 10 दिसंबर को उप-रोजगार कार्यालय, जोगिंद्रनगर में इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। इंटरव्यू सुबह साढ़े 10 बजे से होंगे।
इच्छुक आवेदक अपने सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्रों एवं छायाप्रति, पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ, आधार कार्ड व रोजगार पंजीकरण पत्र सहित साक्षात्कार के लिए उपस्थित हो सकते हैं। साक्षात्कार में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय एवं मॉडल करियर सेंटर मंडी के दूरभाष नंबर 01905-235508 पर संपर्क किया जा सकता है।