ऋषि महाजन/नूरपुर। बारिश के चलते पौंग बांध का जलस्तर बढ़ने के कारण पानी छोड़ा जा रहा है। पिछले 6 दिन से पानी छोड़ने का सिलसिला जारी है।
इसके चलते कांगड़ा जिला के विधानसभा क्षेत्र फतेहपुर और इंदौरा के ब्यास नदी के साथ लगते क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। लोगों की जमीन और फसल ब्यास नदी के पानी की भेंट चढ़ गई है।
इंदौरा, रियाली, मंड भोग्रवां और मंड मियाणी में लगभग 80 से 90 घरों तक पानी पहुंच गया। पानी भरने के बाद प्रशासन ने बीते दिन 33 लोगों तो आज भी कुछ लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया।
अचानक पानी पहुंचने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल है। रियाली में दर्जनों घर टापू में तब्दील हो चुके हैं। प्रशासन टीमें मौका पर नजर बनाए हुए हैं।
डीसी कांगड़ा हेमराज बैरवा लोगों से भी मिले और प्रशासन की तरफ से हर संभव मदद का आश्वासन लोगों को दिया। इस दौरान उनके साथ एसडीएम फतेहपुर विश्रुत भारती व एसडीएम इंदौरा सुरेन्द्र ठाकुर भी मौजूद रहे।
डीसी कांगड़ा हेमराज बैरवा ने कहा कि लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। पौंग बांध से छोड़े गए पानी से हुए बाढ़ ग्रस्त इलाकों का दौरा किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग इन क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए हैं। दिन और रात लोगों को राहत देने में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों जैसे पीडब्ल्यूडी, जल शक्ति विभाग आदि को इस इलाके में हुए नुकसान का आकलन करके रिपोर्ट बनाने के आदेश दिए गए हैं।
इसी के साथ लोगों को राहत मिले प्रशासन इस पर काम कर रहा है। राहत कैंप भी बनाए गए हैं। अभी हालात कंट्रोल में हैं।