नालागढ़। हिमाचल की बद्दी पुलिस ने देह व्यापार के धंधे का पर्दाफाश किया है। मामले में तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इसमें एक को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही सात महिलाओं को रेस्क्यू किया है। महिलाएं हरियाणा, पंजाब व बिहार की निवासी हैं।
बता दें कि पुलिस को सैणीमाजरा के एक होटल में देह व्यापार के धंधे की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी नालागढ़ राकेश राय के नेतृत्व में टीम का गठन किया। योजना के अनुसार एक पुलिस कर्मचारी को ग्राहक बनाकर भेजा गया। ग्राहक बनाकर भेजे गए पुलिस कर्मचारी की सूचना पर होटल में दबिश दी गई।
जांच में पता चला कि होटल का संचालन गफूर मोहम्मद व खलील मोहम्मद निवासी मंझोली नालागढ़ द्वारा किया जा रहा था। होटल कर्मचारी गोपाल पुत्र प्रेम बहादुर निवासी गांव वार्ड नंबर 2 नालागढ़ जिला सोलन ग्राहकों से पैसे लेने का काम करता था और महिलाओं को ग्राहकों को सौंपता था।
एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने मामले की पुष्टि की है। पुलिस थाना नालागढ़ में गोपाल, गफूर मोहम्मद व खलील मोहम्मद के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।