तपोवन (धर्मशाला)। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर बड़ा हमला करते हुए कहा कि सरकार विपक्ष, कर्मचारियों और छात्रों सहित हर आवाज को कुचलने में लगी है। सबसे बड़ा मुद्दा एबीवीपी (ABVP) कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज का रहा।
नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर आरोप लगाया कि सरकार हर विरोध करने वाले व्यक्ति या संगठन पर एफआईआर (FIR) दर्ज कर दबाव बनाने की नीति चला रही है।
आज हालात ऐसे हैं कि इस सरकार के कार्यकाल में दर्जनों FIR दर्ज हो रही हैं। जो भी अपनी मांगों को लेकर आता है, जो भी आवाज उठाता है, सब पर FIR कर दी जाती है। यह लोकतंत्र नहीं, दमन की राजनीति है।
बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्रों पर जो लाठीचार्ज हुआ है, वह निंदनीय है। छात्रों के पास विधिवत परमिशन थी, फिर भी उन पर हमला किया गया।
मुख्यमंत्री खुलेआम झूठ बोलते हैं, और इससे बड़ी बेशर्मी का उदाहरण नहीं मिल सकता। हम उन सभी घायल कार्यकर्ताओं से मिलेंगे और सरकार के इस तानाशाही रवैये को जनता के सामने उजागर करेंगे।
बता दें कि एबीवीपी ने अपनी मांगों को लेकर जोरावर स्टेडियम में प्रदर्शन किया। साथ ही जोरावर स्टेडियम से चलकर विधानसभा घेराव की कोशिश की। इस दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।