करसोग। मंडी जिला के करसोग उपमंडल के सेरी कताण्डा (महोग) में एक सड़क हादसा पेश आया है। यहां पर एक कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई है।
जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार देर रात को हुआ है। सेरी कताण्डा (महोग) में एक कार अनियंत्रित होकर करीब 400 फीट गहरी खाई में गिर गई। कार में हंसराज (51) निवासी भनेरा गांव सवार थे। हादसा इतना दर्दनाक था कि हंसराज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे का पता चलते ही लोगों ने पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही करसोग पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से हंसराज के शव को कड़ी मशक्कत के बाद खाई से बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए करसोग के नागरिक चिकित्सालय भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
डीएसपी करसोग गौरव जीत सिंह ने हादसे की पुष्टि की है। करसोग प्रशासन ने इस दुखद घड़ी में मृतक के परिजनों को 25 हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।