ऋषि महाजन/नूरपुर। जसूर में प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सुदर्शन शर्मा ने प्रेसवार्ता में कहा कि सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश में हिमाचल सरकार का अढ़ाई वर्ष का कार्यकाल उपलब्धियों से भरा है।
प्रदेश प्रवक्ता सुदर्शन शर्मा ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा भी सरकार की कड़छम, वांगतू प्रोजेक्ट की जोरदार पैरवी पर 12 फीसदी रॉयल्टी को बढ़ाकर 18 फीसदी की बढ़ोतरी का ऐतिहासिक निर्णय देकर हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाए रखने में करीब 250 करोड़ की सालाना आय में बढ़ोतरी हुई है।
हिमाचल सरकार की बेहतरीन प्रॉपर्टी वाइल्ड फ्लावर हॉल होटल जिसका संचालन ओबेरॉय ग्रुप मात्र एक रुपए राशि के आधार पर कर रहा था अब हिमाचल सरकार की जोरदार पैरवी उपरांत सर्वोच्च न्यायालय के ऐतिहासिक निर्णय से यह 500 करोड़ की संपति का संचालन अब हिमाचल सरकार करेगी। यह सुक्खू सरकार की आत्मनिर्भरता की ओर एक बेहतरीन कदम है।
नूरपुर के मातृ शिशु चिकित्सालय के लोकार्पण पर राज्य सरकार से आग्रह कर आश्वासन दिया कि अतिशीघ्र औपचारिकताओं को पूरा कर संचालन शुरू कर दिया जाएगा। महिलाओं को 1500 रुपए प्रति माह के प्रश्न पर सुदर्शन शर्मा ने कहा कि पात्र महिलाओं को चिन्हित करने की प्रक्रिया जारी है। अतिशीघ्र इस कार्य को अमल में लाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अगर वह प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनना शुरू कर दें तो वार्ता में समय कम हो जाएगा, लेकिन दुर्भाग्य यह है कि प्रति वर्ष प्रदेश में आपदा के कारण करोड़ों का नुकसान होने के साथ साथ प्रदेश देवभूमि में हमारे प्रदेशवासी अपनी जान से भी हाथ धो बैठे हैं।
सुक्खू सरकार अपने मंत्रिमंडल के साथ दिन रात एक कर अपना पूरा ध्यान प्रदेश में आई इस त्रासदी से निपटने में दे रही है, लेकिन दुर्भाग्य यह है कि इस त्रासदी प्रदेश का विपक्ष दिल्ली में जाकर मात्र फोटो सेशन तक सीमित रहा है। भाजपा केंद्र सरकार द्वारा किसी भी प्रकार की अनुदान राशि हिमाचल प्रदेश को नहीं दिला सकी, जोकि चिंता का विषय है।