हारचक्कियां। कांगड़ा जिला के ठेर, हारचक्कियां, लपियाना, परगोड क्षेत्र लगभग 14 गांव के लोगों ने राहत की सांस ली है। जल शक्ति विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की कड़ी मेहनत के बाद उक्त क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बहाल हो गई है।
बता दें कि लपियाणा खड्ड में वाटर सप्लाई स्कीम हारचक्कियां लपियाना की राइजिंग मेन पाइप लाइन रविवार रात को भारी बारिश के कारण टूट गई थी। खड्ड में बाढ़ आने से वाटर सप्लाई की सभी पाइप पानी के तेज बहाव में बह गई थीं। इसके चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
जल शक्ति विभाग के एक्सईन अमित डोगरा, एसडीओ मोहम्मद रजाक, जेई अखिल संधू और अन्य कर्मचारियों ने अपनी जान को जोखिम में डालकर खड्ड के तेज बहाव के कम होते ही 2 दिन लगातार काम करते देर रात तक पानी की सप्लाई की पाइपों को जोड़कर लोगों के घरों तक पानी पहुंचाया।
आईपीएच विभाग के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत और जान जोखिम में डालकर स्कीम को दुरुस्त किया। उन्होंने बहाव में क्षतिग्रस्त पाइपों को जोड़कर चारों ओर से सप्लाई बहाल कर दी। स्थानीय लोगों ने कर्मचारियों की तत्परता और साहस की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत से अब क्षेत्र में पानी की आपूर्ति सामान्य हो पाई है।