सुजानपुर। जिला हमीरपुर के अंतर्गत सुजानपुर क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। गुरवार शाम ऊहल-टौणी देवी मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
इस हादसे में एक पूर्व सैनिक की मौके पर ही जान चली गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कार (HP-24-1876) में सवार सभी व्यक्ति ऊहल से भेरड़ा की ओर एक बारात में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी सुजानपुर के कक्कड़ गांव के समीप पहुंची तो चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सड़क से फिसलकर करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे का पता चलते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने पुलिस को भी इसकी सूचना दी। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से बाहर निकाला गया।
हादसे में झौखर गांव के रहने वाले 55 वर्षीय पूर्व सैनिक देशराज ने दुर्घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, कार में सवार राजस्थान निवासी विक्की और किन्नौर निवासी राजू को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों का उपचार सुजानपुर अस्पताल में चल रहा है।
टौणीदेवी के तहसीलदार सौरव कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर भेजी गई थी। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।