ऋषि महाजन/नूरपुर। नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला पुलिस नूरपुर को एक और महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है।
11 व 12 फरवरी 2026 की रात गश्त एवं नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम ने मुकाम भलूण पुल के समीप एक स्कॉर्पियो गाड़ी (नंबर HP-01C-3118) को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर वाहन से 200 ग्राम चरस बरामद की गई।
पुलिस ने मौके पर ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान दिनेश शर्मा उर्फ विक्की पुत्र विधाधार, निवासी गांव बाड़ी, डाकघर एवं तहसील भरमौर, जिला चंबा (हि.प्र.) तथा अनिल कुमार पुत्र कांटा राम, निवासी वडग्राम, तहसील भरमौर, जिला चंबा (हि.प्र.) के रूप में हुई है।
इस संबंध में थाना नूरपुर में अभियोग संख्या 44/2026 धारा 20, 25 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। बरामद स्कॉर्पियो वाहन को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
नूरपुर जिला पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने बताया कि मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है, ताकि नशा नेटवर्क की कड़ियों को भी उजागर किया जा सके।