ऋषि महाजन/नूरपुर। आर्य समाज नूरपुर में गुरुवार को आर्य समाज के संस्थापक स्वामी दयानंद सरस्वती की जयंती श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और हवन-यज्ञ से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में धर्म प्रेमियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर अनूप शास्त्री एवं आर्य समाज नूरपुर के महामंत्री प्रवीण महाजन ने स्वामी दयानंद सरस्वती के जीवन, उनके समाज सुधार आंदोलनों और वेदों के प्रचार-प्रसार में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि स्वामी जी ने कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाकर समाज को नई दिशा दी और सत्य, शिक्षा व समानता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में सिलाई स्कूल की छात्राओं ने स्वामी जी के जन्मोत्सव पर सुंदर भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। उनकी प्रस्तुति को उपस्थित जनसमूह ने सराहा। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित श्रद्धालुओं ने ऋषि प्रसाद ग्रहण किया। पूरा आयोजन भक्ति, अनुशासन और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा।