ऋषि महाजन/नूरपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला पुलिस नूरपुर को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर साँझा पीर के समीप नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप वाहन से 1.546 किलोग्राम चरस बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार गश्त एवं नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम ने सफेद रंग की पिकअप गाड़ी (HP-73A-5072) को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर वाहन से 1.546 किलो चरस और 15,000 रुपये नकद बरामद हुए।
इस संबंध में थाना डमटाल में अभियोग संख्या 34/2026 में दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ध्यान सिंह (34), निवासी जिला चंबा, प्रथम उर्फ राहुल (23) तथा अमन उर्फ मंगु (22), दोनों निवासी जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ धारा 20, 25 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बरामद पिकअप वाहन को भी कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चरस की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।