मंडी। छोटी काशी अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव-2025 में रविवार को श्री राज देव माधो राय की पारंपरिक ‘मध्य जलेब’ शोभा यात्रा देवी-देवताओं के साथ धूमधाम से निकली। इस ‘मध्य जलेब’ में आज डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री शामिल हुए।
इससे पहले उन्होंने राज देवता श्री राज माधो राय मंदिर में पूजा-अर्चना की। मध्य जलेब श्री राज माधो राय मंदिर से शुरू होकर पड्डल मैदान में संपन्न हुई। खिली धूप में हजारों की संख्या में लोग जलेब में शामिल हुए। शोभायात्रा में देवी-देवताओं के साथ आए देवलु पारंपरिक परिधान पहने अपने स्थानीय देवताओं के साथ नृत्य करते हुए आगे बढ़ रहे थे।
बता दें, महोत्सव में पूरे क्षेत्र से 200 से अधिक देवी-देवता पधारे हैं। पड्डल में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि मंडी शिवरात्रि महोत्सव हमारी आस्था का प्रतीक है।
शिवरात्रि महोत्सव में इस देवभूमि में देवताओं का समागम पूरे भारत में हिमाचल को पहचान दिलाता है। मंडी शिवरात्रि हो या कुल्लू दशहरा और मिंजर, यहां आयोजित होने वाले मेले हमारे प्रदेश की शान हैं। इन मेलों में शामिल होना मेरे लिए सौभाग्य की बात है।
उन्होंने कहा कि मंडी शिवरात्रि की अंतरराष्ट्रीय पहचान कायम करने लिए विधायक चन्द्रशेखर और उपायुक्त सहित उनकी सारी टीम बधाई की पात्र है। उन्होंने कि यहां पर आयोजित ब्यास आरती अब लंबे समय तक आयोजित की जाएगी और आने वाले समय में प्रयास किया जाएगा की यहां ब्यास आरती घाट बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि मंडी शिवरात्रि महोत्सव को नई ऊंचाईयों देने के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। इससे पहले उन्होंने टारना में श्यामाकाली मन्दिर, अराध्य बड़ा देव कमरूनाग और भीमाकाली मन्दिर में भी पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर विधायक धर्मपुर चन्द्रशेखर, पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर और प्रकाश चौधरी, एपीएमसी अध्यक्ष संजीव गुलेरिया, जिला परिषद सदस्य चंपा ठाकुर, राज्य सहकारी बैंक के निदेशक लाल सिंह कौशल, एचपीएमसी निदेशक मंडल के सदस्य जोगिन्द्र गुलेरिया, मेयर नगर निगम विरेन्द्र भट्ट, नरेश चौहान, चेत राम ठाकुर, धर्मेन्द्र धामी, केशव नायक, डॉ चन्द्रशेखर, जगदीश रेडडी, विकास कपूर, पार्षद राजेन्द्र मोहन, अलकनंदा हांडा, अनीश, उपायुक्त अपूर्व देवगन, एसपी साक्षी वर्मा सहित नगर निगम पार्षद व अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।