रेखा चंदेल/झंडूता। हिमाचल प्रदेश पुलिस के पूर्व डीजीपी आईडी भंडारी का आकस्मिक निधन हो गया है। अभी दस दिन पहले वह समेला जिला मंडी में बिलासपुर लेखक संघ द्वारा आयोजित साहित्यिक संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे थे।
इस संगोष्ठी का आतिथ्य संघ के सदस्य भूपेन्द्र सिंह ठाकुर ने किया था। संगोष्ठी में आईडी भंडारी ने बिलासपुर लेखक संघ के प्रधान डॉ. रवीन्द्र कुमार ठाकुर का बिलासपुर लेखक संघ में सम्मिलित होने का अनुरोध सहर्ष स्वीकार किया था।
पूर्व डीजीपी आईडी भंडारी एक अच्छे लेखक भी थे। उनकी पुस्तक "द मिड नाइट रेड" काफी चर्चा में रही थी। आईडी भंडारी बिलासपुर पुलिस पेंशनर्स वेल्फेयर एसोसिएशन और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी कल्याण संघ बिलासपुर के संरक्षक भी थे।
संस्थाओं के प्रधान डॉ. रवीन्द्र कुमार ठाकुर ने इन सभी संस्थाओं के प्रत्येक सदस्य की ओर से व अपनी ओर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। कहा कि दुःख की इस घड़ी में तीनों संगठन शोक संतप्त परिवार के साथ खड़े हैं।
पूर्व पुलिस महानिदेशक आईडी भंडारी का असामयिक चले जाना न केवल इन तीनों संगठनों को अपूर्णीय क्षति है अपितु यह देश, प्रदेश के लिए भी उनकी कमी खलती रहेगी। हिमाचल प्रदेश पुलिस उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सदैव ऋणी रहेगी।