धर्मशाला। कांगड़ा जिला के धर्मशाला में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस आयोजित किया गया। कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो चंद्र कुमार ने जिला स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण किया तथा मार्च पास्ट की सलामी भी ली। इससे पहले शहीद स्मारक में शहीदों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।
इसके उपरांत अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि के साथ साथ वीरभूमि भी है। प्रदेश के वीर जवान अपने अदम्य साहस, पराक्रम एवं बलिदान के लिए जाने जाते हैं।
याद रहे कि प्रदेश का पहला परमवीर चक्र राज्य के वीर सपूत मेजर सोमनाथ ने हासिल किया था, कैप्टन विक्रम बतरा, कर्नल डीएस थापा व मेजर संजय सिंह ने अद्भुत पराक्रम दिखा कर परमवीर चक्र की श्रेणी में नाम दर्ज किया।
इस अवसर पर सैनिक कल्याण बोर्ड धर्मशाला में अधीक्षक पद पर तैनात वीरेंद्र मसंद को कृषि मंत्री चंद्र कुमार द्वारा प्रशंसा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।