ऋषि महाजन/नूरपुर। भारतीय जनता पार्टी संगठनात्मक जिला नूरपुर द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर “समर्पण दिवस” कार्यक्रम श्रद्धा एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री बिक्रम ठाकुर के नूरपुर पहुंचने पर स्थानीय विधायक रणवीर सिंह ने जोरदार स्वागत किया।कार्यक्रम में पूर्व विधायक इंदौरा रीता धीमान, जवाली के प्रत्याशी संजय गुलेरिया सहित अन्य वरिष्ठ एवं ज्येष्ठ कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
इस मौके पर पूर्व मंत्री बिक्रम ठाकुर ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 देश को विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर ले जाने वाला दूरदर्शी और संतुलित बजट है। नूरपुर में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह बजट तात्कालिक लोकलुभावन घोषणाओं के बजाय दीर्घकालिक आर्थिक मजबूती, निवेश, रोजगार सृजन और आधारभूत ढांचे के विस्तार पर केंद्रित है।
उन्होंने कहा कि बजट की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि देश की आर्थिक नीति को सब्सिडी आधारित मॉडल से निवेश आधारित मॉडल की ओर मजबूती से आगे बढ़ाया गया है। इंफ्रास्ट्रक्चर, मैन्युफैक्चरिंग, टेक्नोलॉजी और लॉजिस्टिक्स में किए गए प्रावधान आने वाले वर्षों में स्थायी रोजगार के अवसर पैदा करेंगे और भारत की उत्पादक क्षमता को बढ़ाएंगे।
रेलवे और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में बजट को ऐतिहासिक बताते हुए उन्होंने कहा कि रेलवे नेटवर्क का आधुनिकीकरण, सुरक्षा, विद्युतीकरण और स्टेशन विकास से यात्री सुविधाओं में सुधार होगा तथा माल परिवहन को गति मिलेगी। बेहतर कनेक्टिविटी से उद्योग, कृषि, पर्यटन और छोटे व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा और दूरदराज क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी।
पर्यटन को रोजगार सृजन का प्रमुख माध्यम बताते हुए ठाकुर ने कहा कि पर्यटन इंफ्रास्ट्रक्चर और अनुभव आधारित विकास पर जोर देकर सरकार ने इसे आजीविका का सशक्त साधन बनाया है। होटल, होम-स्टे, परिवहन और स्थानीय उत्पादों से जुड़े लाखों परिवारों को इसका लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि स्टार्ट-अप, एमएसएमई और नवाचार को समर्थन देकर युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। आम जनता, मध्यम वर्ग, किसानों और गरीबों के लिए कर प्रणाली में सरलता और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की निरंतरता से जीवन स्तर में सुधार होगा।