प्रागपुर। श्री कालेश्वर महादेव में महाशिवरात्रि के पावन पर्व की तैयारियों को लेकर मंगलवार को विकास खंड कार्यालय प्रागपुर में श्री कालीनाथ मंदिर ट्रस्ट (कालेश्वर) की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बीडीओ प्रागपुर अशोक कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
इस बैठक में मंदिर अधिकारी एवं तहसीलदार परमानन्द रघुवंशी व नायब तहसीलदार बलविंदर सिंह पठानिया ने विशेष रूप से भाग लिया। बैठक में इस बार शिवरात्रि पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात प्रबंधन, सुरक्षा और मंदिर परिसर में दी जाने वाली सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
प्रशासन की ओर से विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं, जिसमें सुरक्षा और कानून व्यवस्था के लिए एसएचओ रक्कड़ कृष्ण चंद और एसएचओ संसारपुर-टैरेस कृष्ण चंद ने अपनी रणनीति साझा की।
बुनियादी सुविधाओं के लिए जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता पुरषोत्तम लाल व जुगल किशोर, विद्युत बोर्ड के एसडीओ कृष्ण लाल व कनिष्ठ अभियंता अवतार और राजस्व विभाग से नरेंद्र, अंकुश धीमान व संजीव शर्मा को निर्देश दिए गए।
बैठक में उपस्थित ट्रस्ट सदस्य धर्मपाल, जग्गा सिंह, अंजना, श्याम लाल, संजीव, राजेश कुमार, पवन कुमार और हेमराज ने भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए। सभी ने एकमत से निर्णय लिया कि इस बार श्री कालेश्वर महादेव मंदिर में इंतजामों को इस प्रकार दुरुस्त किया जाएगा कि दर्शन के लिए आने वाले किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो।