राकेश चंदेल / बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला के श्री नैना देवी विधानसभा क्षेत्र की पंचायत बैहल के अंतर्गत गांव लखाला में जाइका (JICA) प्लांटेशन एरिया में इन दिनों पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान में सेवानिवृत्त केंद्रीय मुख्य शिक्षक जोगिंदर पाल शर्मा ने समाजसेवी के रूप में अपनी कार्यकर्ता टीम के साथ श्रमदान कर उल्लेखनीय योगदान दिया है।
इस पुनीत कार्य में जाइका प्लांटेशन एरिया के प्रधान सुशील शर्मा, सचिव जोगिंदर पाल शर्मा, तथा कार्यकर्ता आनंद शर्मा, उमेश, राजकुमार, पिंकू, राहुल, केशव, हर्ष कुमार और टिंकू ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी ने एकजुट होकर न केवल पौधारोपण किया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी फैलाई।
जोगिंदर पाल शर्मा ने बताया कि उन्होंने जमीनी स्तर पर चल रहे पौधारोपण कार्य और वर्षा ऋतु के दौरान भूमि कटाव की स्थिति का मौके पर निरीक्षण किया। इसके उपरांत स्वयं श्रमदान करते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया।
उन्होंने बताया कि यह कार्य आगामी कई दिनों तक चलता रहेगा, जिसका उद्देश्य गांव के चारों ओर हरित पट्टी (ग्रीन लेयर) विकसित कर पर्यावरण संतुलन बनाए रखना और प्राकृतिक सौंदर्य को बढ़ाना है।
उन्होंने इस कार्य में सहयोग देने के लिए वन विभाग और जायका टीम का आभार प्रकट किया तथा कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। गौरतलब है कि इस प्रकार के छोटे-छोटे स्थानीय प्रयास भविष्य में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ी भूमिका निभाते हैं।