नालागढ़। जिला सोलन के नालागढ़ में मंगलवार के दिन दहाड़े एक युवक को गोली मार दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इस घटना के बाद से इलाके में दहशत फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, नालागढ़ के वार्ड दो में दिन दहाड़े एक बदमाश ने युवक पर गोली चला दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है। गोली से घायल युवक को स्थानीय नालागढ़ अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है।
वहीं, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। युवक के परिजनों ने इस गोलीकांड को आपसी रंजिश का मामला बताया है। आरोपी का नाम दिशांत उर्फ दिशू नामक युवक बताया जा रहा है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नालागढ़ शहर के वार्ड दो में मंगलवार दोपहर ये गोलीकांड हुआ है। घायल युवक की पहचान आमिर खान पुत्र रोशन निवासी वार्ड दो नालागढ़ के रूप में हुई है।
दोपहर करीब 12:00 बजे के आसपास एक युवक ने अचानक आमिर खान पर गोली चला दी। गोली आमिर के दाहिने हाथ में लगी, जबकि उसके कुछ छर्रे पेट में भी जा घुसे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद परिजन घायल को तुरंत नालागढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।
ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने बताया कि अस्पताल में गोली लगने का मामला आया था और मरीज की हालत गंभीर होने के कारण उसे तुरंत रेफर किया गया।
वहीं, घायल युवक की मां ने बताया कि आपसी रंजिश के चलते उनके बेटे पर हमला किया गया है। उन्होंने पुलिस से आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एएसपी अशोक वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस ने टीमें भी गठित कर दी हैं। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है। आरोपी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होगा।