नगरोटा सूरियां। कांगड़ा जिला के नगरोटा सूरियां के अमलेला गांव निवासी एवं डोगरा रेजिमेंट के सैनिक अनिकेत का निधन हुआ है। 25 वर्षीय सैनिक के निधन का समाचार प्राप्त होने पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये खबर अत्यंत दुःखद है। देश की सेवा में उनके अविस्मरणीय योगदान को सदैव याद रखा जाएगा। प्रार्थना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक-संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करें।
बता दें कि नगरोटा सूरियां के गांव अमलेला निवासी सेना के जवान अनिकेत का बीमारी के कारण निधन हो गया। वह पिछले आठ महीने से बीमार चल रहे थे और दिल्ली के सैनिक अस्पताल में उपचाराधीन थे।
लंबी बीमारी के बाद अनिकेत ने गुरुवार को अंतिम सांस ली। सैनिक निधन की खबर गुरुवार शाम को उनके परिवार मिली तो पूरा परिवार शोक में डूब गया। अनिकेत की मां सदमे से बेहोश हो गईं वहीं बहन का भी रो-रोकर बुरा हाल है।
अनिकेत 2020 में डोगरा रेजिमेंट में भर्ती हुए थे। सैनिक की पार्थिव देह शुक्रवार सुबह पैतृक गांव पहुंचाई जाएगी। अनिकेत के पिता राकेश कुमार दर्जी का काम करते हैं और माता नीलम देवी आंगनबाड़ी वर्कर हैं। बहन आकांक्षा चौधरी ने इसी साल बीकॉम की पढ़ाई पूरी की है।