ऋषि महाजन/नूरपुर। आम आदमी पार्टी (आप) हिमाचल प्रदेश ने फतेहपुर विधानसभा के रैहन में जिला कार्यकर्ता संवाद सम्मेलन का आयोजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के हिमाचल प्रदेश प्रभारी व राष्ट्रीय प्रवक्ता ऋतुराज गोविंद झा ने की। सम्मेलन में संगठन के विस्तार, आगामी रणनीति और जनहित मुद्दों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
इस अवसर पर प्रदेश सह-प्रभारी विजय फुलारा, प्रदेश अध्यक्ष सुरजीत सिंह, अंबेडकर विंग के अध्यक्ष सुशील बहल, प्रदेश महासचिव मंढोत्रा, उपाध्यक्ष शेर सिंह ठाकुर, कांगड़ा-चंबा लोकसभा प्रभारी बलदेव राज चौधरी, प्रवक्ता सुषमा शर्मा, मंडी जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष विमला चौहान सहित कई नेता मौजूद रहे। केंद्रीय टीम के 15 सदस्यों की भागीदारी ने सम्मेलन को और अधिक प्रभावशाली बनाया।
सम्मेलन की शुरुआत में हाल की प्राकृतिक आपदा में मृत लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन रखा गया। बाद में प्रदेश प्रभारी झा ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि पार्टी हिमाचल में मजबूत संगठन खड़ा कर रही है और जनता को एक ईमानदार और विकासशील विकल्प देने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और नेताओं पर षड्यंत्र किए, पर आम आदमी पार्टी डरने वाली नहीं है। हिमाचल में भी ‘आप’ एक सशक्त विकल्प के रूप में उभर रही है। सम्मेलन में मौजूद वरिष्ठ लेखक पंकज दर्शी ने भी आप का समर्थन करते हुए कहा कि अगर हिमाचल को नया राजनीतिक विकल्प चाहिए, तो वह आम आदमी पार्टी हो सकती है।
इस दौरान ऋतुराज झा ने पंजाब में बिक्रम मजीठिया के मामले पर बोलते हुए अकाली दल और विरोधी दलों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आप की कार्रवाई से कई चेहरे बेनकाब हो रहे हैं, और सरकार किसी को नहीं बख्शेगी। सम्मेलन में नूरपुर संगठनात्मक ज़िले के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।