हिमाचल: 24 घंटे में 10 हजार से अधिक वाहनों ने क्रॉस की अटल टनल
तीन हजार से अधिक बाहरी राज्यों के वाहन
मनाली। हिमाचल में क्रिसमस पर पर्यटकों की भीड़ उमड़ पड़ी है। पिछले 24 घंटे में 10 हजार से अधिक वाहनों ने अटल टनल रोहतांग क्रॉस की है। लाहौल स्पीति पुलिस के आंकड़ों के अनुसार 24 दिसंबर सुबह आठ बजे से 25 दिसंबर सुबह 8 बजे तक 10 हजार 519 वाहनों ने अटल टनल क्रॉस की है। इसमें 5635 वाहनों ने घाटी में प्रवेश किया है तो 4,884 बाहर निकले हैं। इन वाहनों में हिमाचल के 4,023 ने प्रवेश किया है तो 3447 बाहर निकले है। ऐसे ही 1612 बाहरी राज्यों के वाहनों ने प्रवेश किया है तो 1437 बाहर निकले हैं।
बता दें कि हिमाचल के जिला लाहौल स्पीति में क्रिसमस व नव वर्ष के चलते दिन-प्रतिदिन पर्यटकों की आवाजाही में वृद्धि देखने को मिल रही है। पिछली 24 घंटे में इतनी संख्या में वाहनों के अटल टनल कॉस करने की बात इस बात को प्रमाणित कर रही है कि पर्यटक काफी संख्या में घाटी का रुख कर रहे हैं। 10 हजार वाहनों में पर्यटकों की संख्या 50 हजार के करीब या अधिक भी हो सकती है।
पुलिस ने जिला के राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों पर यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं व यातायात ड्यूटी पर कार्यरत जिला लाहौल स्पीति के पुलिसकर्मियों व अटल सुरंग रोहतांग की सुरक्षा व आवश्यक व्यवस्था में कार्यरत तृतीय भारतीय आरक्षित वाहिनी पंडोह के पुलिसकर्मियों की कार्यकुशलता से यातायात का आवागमन सुव्यवस्थित व निर्बाध रहा है।
बता दें कि हिमाचल में इस बार क्रिसमस पर बर्फबारी नहीं हुई है। इसके चलते पर्यटकों का मायूसी हाथ लगी है। पर लाहौल स्पीति और कुल्लू के ऊपरी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर आज हल्की बर्फबारी की संभावना जताई गई है। यह भी कारण हो सकता है कि पर्यटक लाहौल घाटी का रुख कर रहे हैं।