चंडीगढ़-शिमला NH-5 आज भी बंद, इन वैकल्पिक मार्गों का करें प्रयोग
ewn24news choice of himachal 03 Aug,2023 5:37 pm
बुधवार को पूरी रात चलता रहा मलबा हटाने का काम
सोलन। चंडीगढ़-शिमला नेशनल हाईवे 5 (NH-5) गुरुवार को भी बंद है। एनएचएआई द्वारा कालका-शिमला फोरलेन पर चक्की मोड़ के पास डंगा लगाए जाने व मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
बुधवार को पूरी रात काम चलता रहा। एनएचएआई द्वारा दावा किया जा रहा है कि यदि आज दिन भर मौसम साफ रहा तो शाम तक फोरलेन को बहाल कर दिया जाएगा।
गौर हो कि चंडीगढ़-शिमला नेशनल हाईवे 5 बुधवार को चक्की मोड़ के समीप भूस्खलन की वजह से बंद हो गया था। हालांकि दोपहर 12 बजे मार्ग को छोटी गाड़ियों के लिए खोल दिया गया था।
इसके बाद फिर से पहाड़ी से मलबा आने के कारण रोड़ पूरी तरह से बंद हो गया। फोरलेन का करीब 50 मीटर का हिस्सा धंसने के लिए वाहनों की आवाजाही को बंद कर दिया गया था।
आज भी शिमला से चंडीगढ़ जाने वाली सभी बसें नाहन से होकर जाएंगी। जबकि सेब की सप्लाई लेकर जाने वाले ट्रकों को जौहड़जी कामली होकर भेजा जा रहा है।
एनएचएआई के परियोजना निदेशक आनंद दहिया का कहना है कि चक्की मोड़ के समीप फोरलेन को ठीक करने का काम शुरू कर दिया गया है। पूरी उम्मीद है कि आज शाम तक यातायात को बहाल कर दिया जाएगा।
चंडीगढ़-शिमला नेशनल हाईवे 5 होने के बाद सोलन-शिमला के लिए ब्रेड व दूध की सप्लाई भी ठप हो गई है। बुधवार को भी शहर में अवश्यक खाद्य वस्तुओं की सप्लाई नहीं हो पाई। वीरवार को भी दूध ब्रेड की सप्लाई प्रभावित हो सकती है।