शिमला नगर निगम के लिए 'आप' ने चुनाव प्रचार का किया आगाज
ewn24news choice of himachal 08 Apr,2023 11:43 pm
लोगों से सुझाव लेकर मेनिफेस्टो होगा तैयार
शिमला।नगर निगम शिमला चुनाव के लिए कांग्रेस, भाजपा और सीपीआईएम के अलावा आम आदमी पार्टी ने भी चुनावी ताल ठोक दी है। आम आदमी पार्टी (आप) ने सभी वार्डों पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। शनिवार को शिमला के मालरोड से आम आदमी पार्टी ने चुनाव प्रचार शुरू किया, जिसमें आम आदमी पार्टी हिमाचल के प्रभारी जगदीप सिंह मौजूद रहे और मालरोड से चुनाव प्रचार की शुरूआत की और शिमला के सभी 34 वार्डों पर चुनाव लड़ने की बात कही।
आम आदमी पार्टी के हिमाचल प्रभारी जगदीप कंबोज गोल्डी ने कहा कि नगर निगम के सभी वार्डों में आम आदमी पार्टी अपने उम्मीदवार उतारने जा रही है और साफ छवि वालों को आम आदमी पार्टी टिकट देगी। आज मालरोड से चुनाव प्रचार शुरू किया गया है और घर-घर जा कर लोगों को भाजपा व कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों से अवगत करवाने के साथ ही लोगों से सुझाव लेकर मेनिफेस्टो भी तैयार करेगी। इसके लिए टोल फ्री नंबर भी जारी किया गया है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने जो वादे किए थे, वह पूरे नहीं किए। 300 यूनिट बिजली देने की जगह बिजली ही मंहगी कर दी है। भाजपा व कांग्रेस आम जनता पर टैक्स लगाने का काम कर रही है। शिमला पर्यटन स्थल है, लेकिन यहां पर सुविधाओं के नाम पर कुछ भी नहीं है। पार्किंग तक कि व्यवस्था आज तक नहीं हो पाई है और कूड़े तक के पैसे लोगों से वसूले जाते हैं। यदि आम आदमी नगर निगम पर काबिज होती है तो शिमला के लोगों को टैक्स से राहत देने का सबसे पहले काम किया जाएगा और लोगों को मूलभूत सेवाओं को फ्री दिया जाएगा।