मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में कुदरत का कहर बरप रहा है। बारिश और भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है। मंडी जिला के सुंदरनगर में भारी भूस्खलन हुआ है जिसकी चपेट में आने से दो मकान जमींदोज हो गए। मकानों के अंदर मौजूद लोग मलबे में दब गए। इस हादसे में छह लोगों की जान गई है जिनके शव निकाल लिए गए हैं।
सुंदरनगर उपमंडल के जंगमबाग में मंगलवार शाम को अचानक हुए भीषण भूस्खलन ने पूरे इलाके को दहला दिया। कुछ ही पलों में पहाड़ी से आए मलबे की जद में दो मकान आ गए और दो परिवारों के सदस्य मलबे में दब गए। इनमें से तीन के शव मंगलवार को बरामद हो गए थे बाकी तीन के शव बुधवार को बरामद किए गए हैं।
एनडीआरएफ की टीम ने घर की छत काटकर दो शवों को निकाला। दोनों की पहचान सुरेंद्र कौर और गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई। इसके अलावा मलबे से एक व्यक्ति का और शव मिला। यह शख्स स्कूटर समेत दबा हुआ था। इसकी पहचान डढ़याल निवासी प्रकाश शर्मा के रूप में हुई।
तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी भी तलाशी आपरेशन जारी है। स्कूटर सवार के साथ किसी और के होने की भी आशंका जताई जा रही है। इसके अलावा पहले से चल रही टाटा सूमो के दबे होने की सूचना को लेकर भी सर्च आपरेशन जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मकान गिरने के करीब एक घंटे तक मलबे से लोगों की चीख पुकार सुनाई देती रही जिसके बाद आवाजें थम गईं। मलबे के आगे बेबस लोग कुछ नहीं कर पाए। दो परिवार के सदस्यों के अलावा मलबे की चपेट में एक वाहन भी आया।
उधर, पहाड़ी से मलबा आने के बाद साथ लगते मकानों के लोग खतरे को देखकर भाग गए। स्थानीय निवासी नागेश ने बताया कि मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे घटना का पता चला तो वह मदद करने पहुंचे।
चांबी पंचायत के उपप्रधान आशीष रावत ने बताया कि उनका घर घटनास्थल के पास ही है। जोरदार धमाके की आवाज सुनी तो मौके पर पहुंचा। देखा कि दोनों मकान मलबे चपेट में आए हैं। उनके पास मशीनरी थी, जिसे मौके पर लगाया गया और खुद मलबा हटाना शुरू किया। सूचना के बाद प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा।
प्रदेश के चार जिलों कांगड़ा, मंडी, सिरमौर और किन्नौर के कुछ स्थानों पर बुधवार को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऊना और बिलासपुर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी बारिश के आसार हैं। आठ सितंबर तक मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर शिमला, सोलन, सिरमौर, कांगड़ा, बिलासपुर और कुल्लू में बुधवार को भी शिक्षण संस्थानों में छुट्टी कर दी गई है।
मंडी जिले में कोटली, पधर, सरकाघाट, बल्ह, करसोग, बालीचौकी, सुंदरनगर, थुनाग, गोहर उपमंडल में शिक्षण संस्थान आज बंद रहेंगे। आदेश जारी कर दिए गए हैं। धर्मपुर उपमंडल में भी शिक्षण संस्थान में छुट्टी के आदेश जारी किए गए हैं।