ऊना जिला में इन कक्षाओं के छात्रों को छुट्टी, अब 24 को लगेंगे स्कूल
ewn24news choice of himachal 20 May,2024 11:09 pm
गर्मी के चलते 21 और 22 मई को अवकाश घोषित
ऊना। हिमाचल में प्रचंड गर्मी पड़ रही है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने अगले चार दिन लू चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इसके मध्यनजर हिमाचल के समर क्लोजिंग स्कूल के टाइम में बदलाव किया गया है। (ऊना)
डिप्टी डायरेक्टर प्रारंभिक शिक्षा विभाग देवेंद्र चंदेल ने प्राइमरी और प्री प्राइमरी कक्षा के छात्रों को 21 और 22 मई की छुट्टी घोषित करने की पुष्टि की है।
बता दें कि पूरे उत्तर भारत के साथ हिमाचल प्रदेश में इन दिनों प्रचंड गर्मी अपना कहर बरपा रही है। प्रदेश के मैदानी इलाकों में पारा 40 डिग्री से ऊपर चल रहा है और पहाड़ी इलाकों में भी चिलचिलाती धूप से लोग परेशान हैं।
कुछ इलाकों में दो दिन से लू चल रही और सप्ताह भर हीट वेव जारी रहने का मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने अलर्ट भी जारी कर दिया है। हालात बिगड़ते देख शिक्षा विभाग ने समर क्लोजिंग स्कूलों की टाइमिंग में भी बदलाव के आदेश जारी कर दिए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार फिलहाल प्रदेश में बारिश के हालात बनते नजर नहीं आ रहे हैं। लिहाजा पहाड़ों में अभी तपिश और बढ़ने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि बीते कल इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया है।
अगले सप्ताह तक प्रदेश में मौसम साफ बना रहेगा। 24 मई तक लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 4 दिन में लोगों की परेशानियां और बढ़ेंगी।
इसमें ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन, सिरमौर, कांगड़ा व शिमला जिलों में कई जगहों पर लू चलने की संभावनाएं हैं।