शिमला। हिमाचल में पिछले 24 घंटे में अच्छी बारिश और बर्फबारी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की अपडेट के अनुसार नगरोटा सूरियां में 56.0, घमरूर में 44.2, चंबा में 42.0, सलोनी में 36.2, तीसा में 35.7, पालमपुर में 33.2, कांगड़ा में 28.2, बैजनाथ में 27.0, छतराड़ी में 26.7, सुजानपुर में 25.4, सुंदरनगर में 24.9, बंजार में 24.4, डलहौजी में 24, करसोग में 23.3, गुलेर में 22.6, नादौन में 21.0 और गोहर में 20.0 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। गोंदला में 42.0, केलांग में 36.0, कुकुमसेरी में 24.3, जोत में 16.0, कल्पा में 13.8, पूह में 12.0, खदराला में 15.0, सांगला में 10.4, हंसा में 10.0 और कुफरी में 4.0 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है।
सुंदरनगर में घना कोहरा छाया रहा। मंडी में हल्का कोहरा देखने को मिला। कांगड़ा और कल्पा में शीत दिवस तो मंडी में भीषण शीत दिवस रहा। सुंदरनगर और शिमला में ओलावृष्टि हुई है। सुंदरनगर, जोत, पालमपुर और कांगड़ा में गर्जन के साथ बिजली देखने को मिली है।अपडेट के अनुसार 24 फरवरी, 2025 की रात को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है।
इसके प्रभाव से 25 फरवरी को फिर मौसम बिगड़ सकता है। 25 फरवरी को एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश/बर्फबारी का अनुमान है। 26 और 27 फरवरी को हिमाचल के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश/बर्फबारी की संभावना है। 25 फरवरी को एक दो स्थानों पर गर्जन के साथ बिजली की संभावना को लेकर येलो अलर्ट जारी है।
अपडेट के अनुसार 24 फरवरी तक हिमाचल में मौसम साफ रहने का अनुमान है।तापमान की बात करें तो पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री तक गिरा है। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में 5 से 12, मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में 3 से 13 और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 5 से 10 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।हिमाचल में फरवरी माह में 21 फरवरी तक सामान्य से 44 फीसदी कम बारिश हुई है।