ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला के बंगाणा उपमंडल के अंदरोली में महिला मर्डर केस पुलिस ने महज 48 घंटे में सुलझा लिया है। हत्यारा और कोई नहीं बल्कि महिला का पति ही निकला। आरोपी को पुलिस टीम दिल्ली से पकड़ कर लाई है और आगामी जांच में जुट गई है। क्या है पूरा मामला आपको बताते हैं विस्तार से ....
16 फरवरी आधी रात को 35 वर्षीय दिनेश्वरी उर्फ मीनू के बेटे ने जब मां को किसी काम के लिए जगाने का प्रयास किया तो उसने कोई उत्तर नहीं दिया। इसके बाद बच्चे ने दूसरे कमरे से अपनी दादी को बुलाया। दादी ने देखा तो मीनू की मौत हो चुकी थी। बेटी की मौत की जानकारी मिलते ही शिमला के रोहड़ू से ऊना पहुंचे दिनेश्वरी के मायका पक्ष के लोगों ने इसे हत्या का मामला बताया और पुलिस में शिकायत कर दी।
पुलिस ने शुरुआती जांच में यह पाया कि दिनेश्वरी का पति दिनेश घटना के दौरान घर पर ही मौजूद था। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने अंब रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़ी और दिल्ली पहुंच गया। पुलिस ने महज 48 घंटे में इस पूरे मामले को ट्रेस करते हुए दिल्ली से आरोपी दिनेश को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली है।
डीसपी अजय ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला के गले पर निशान मिला था जिससे हत्या की आशंका हुई। मामले में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। महिला का पति कई साल से घर नहीं आया था, लेकिन हत्या वाली रात को महिला का पति घर आया था जिससे पुलिस को शक हुआ।
पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड और लोकेशन के आधार पर उसे दिल्ली से पकड़ा। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने कबूल किया कि उसने रस्सी से पत्नी का गला घोंट कर हत्या की थी और वापस ट्रेन से दिल्ली लौट गया था। उसे अपनी पत्नी पर शक था कि उसकी किसी और के साथ भी बातचीत है।
मृतक महिला की भाभी ने बताया कि करीब 8 साल पहले शिमला जिला के रोहड़ू की रहने वाली दिनेश्वरी उर्फ मीनू की फेसबुक के जरिए दिनेश उर्फ काकू के साथ दोस्ती हुई और बाद में ये दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों ने प्रेम विवाह करने का फैसला लिया। इस शादी से दोनों को सात साल का बेटा भी है, लेकिन पिछले काफी समय से दिनेश अपनी पत्नी दिनेश्वरी से अलग रह रहा था।
दिनेश पत्नी पर अवैध संबंधों को लेकर संदेह करता था। हालांकि, यह भी पता चला है कि दिनेश खुद किसी अन्य जगह पर एक अन्य महिला के साथ कई साल से रह रहा था। फिलहाल पुलिस आरोपी को अदालत में पेश करने की तैयारी में लगी है, जिसे पुलिस रिमांड पर लेने का प्रयास किया जाएगा।