मंडी। हिमाचल के मंडी जिला के 57 किसान परिवारों के लिए अच्छी खबर है। बहाव सिंचाई योजना कंसा खड्ड से गनेहर रोपा जनता को समर्पित कर दी है। हिमाचल प्रदेश फसल विविधीकरण परियोजना द्वितीय चरण के अंतर्गत सुनिश्चित सिंचाई प्रदान करने के लिए बनाई यह योजना खंड परियोजना प्रबंधक मंडी द्वारा संबंधित कृषक विकास समूह को हस्तांतरित की गई।
इस परियोजना के अंतर्गत लगभग 902 मीटर लंबी मुख्य कूहल के साथ-साथ सिंचाई के लिए 2227 मीटर एचडीपीई जल वितरण पाइपों का भी उपयोग किया गया। इसके अलावा संप वैल, पंप हाउसऔर एमडीटी का भी निर्माण करवाया गया। इस परियोजना में 12.52 हैक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा प्रदान की गई तथा इससे 57 किसान परिवारों को सुविधा होगी।
इस उप परियोजना के निर्माण के लिए 34.10 लाख खर्च किए गए। इस अवसर पर कृषक विकास समूह के प्रधान देवीराम, प्रबंधक समिति के सदस्य और अन्य लाभार्थी उपस्थित थे। जिला परियोजना प्रबंधक, मंडी डॉ. हेम राज वर्मा ने कूहल के रखरखाव के बारे में जानकारी दी तथा किसानों को नकदी फसलें उगाने के लिए जागरूक किया।
उन्होंने कृषि संबंधित उन्नत तकनीकों के बारे में और KVA समूह को सुदृढ़ करने व इसका सुचारू रूप से संचालन एवं रख रखाव पर कृषकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। खंड परियोजना प्रबंधक, मंडी डॉ. राजेश जसवाल ने कृषक समूह को नकदी फसलों के उत्पादन एवं विपणन के बारे में जानकारी दी।
लाभार्थी किसानों ने बताया कि इस परियोजना से वर्षा नहीं हो पाने के बावजूद भी अपनी फसलों की बीजाई समय पर कर पाएंगे। इस समारोह में डॉ. हंस राज कृषि विकास अधिकारी व खंड परियोजना प्रबंधक इकाई मंडी के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।