डलहौजी। चंबा जिला की पर्यटन नगरी डलहौजी की करेलनू में एक दुखद सड़क हादसा पेश आया है। इस हादसे में तीन पर्यटकों की जान चली गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
टांडा के लिए रेफर एक युवती को परिजन पठानकोट ले जा रहे थे लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान 19 वर्ष सोफिया के रूप में हुई है।
इसके अलावा हादसे में सिमरन प्रीत कौर (18) पुत्री परमजीत सिहं गांव नूरपुर लुवाना कपूरथला और चालक सुरेंद्र (25) निवासी पूर्णपूरा डाकघर रामामंडी जालंधर की मौत हुई है।
जानकारी के अनुसार गाड़ी डेढ़ किलोमीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। ये हादसा शुक्रवार देर रात हुआ। गाड़ी में तीन युवक और तीन युवतियां थीं, जोकि जालंधर की किसी स्वास्थ्य केंद्र में काम करते हैं।
एक युवक और एक युवती की मौके पर ही जान चली गई। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि वाहन दुर्घटना में तीन पर्यटकों की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।