बद्दी परफ्यूम फैक्ट्री मामला : 5 कामगारों की गई जान, 4 की हुई पहचान-चार लापता
ewn24news choice of himachal 04 Feb,2024 11:16 pm
29 कामगार हैं घायल, नालागढ़, काठा और पीजीआई में भर्ती
बद्दी। हिमाचल के बद्दी के झाड़माजरी (बरोटीवाला) स्थित परफ्यूम बनाने वाली फैक्ट्री एनआर अरोमा में आग लगने की घटना में अब तक पांच कामगारों की मौत हुई है। साथ ही चार महिला कामगार लापता हैं।
घटना में 29 कामगार घायल हैं। घायलों में 20 कामगारों का इलाज सीएचसी नालागढ़, 7 का ईएसआई काठा और दो का पीजीआई चड़ीगढ़ में चल रहा है।
बद्दी के झाड़माजरी स्थित परफ्यूम फैक्ट्री में आग लगने की घटना के बाद अभी भी 4 कामगार लापता हैं। सभी युवतियां हैं। इसमें एक चंबा तो बाकी यूपी व एमपी से हैं।
चंपो पत्नी सर्व दयाल निवासी बरोह कंडला चंबा, काजल पुत्री राजीन बदाऊं यूपी, काजल भारती पुत्री बली प्रसाद कुशीनगर यूपी, कल्पना अहिरवर पुत्री कैलाश अहिरवर छतरपुर एमपी लापता हैं।
अगर लापता लोगों के बारे कोई सूचना हो तो एएसपी अशोक कुमार के मोबाइल नंबर 981699000 पर सूचना दी जा सकती है।
पुलिस जिला बद्दी पुलिस द्वारा जारी अपडेट के अनुसार एआर अरोमा फैक्ट्री में 2 फरवरी 2024 को आग लगने की घटना सामने आई। घटना के बाद फैक्ट्री में 85 कामगार मौजूद थे।
इनमें से 47 कामगारों को सफलतापूर्वक ट्रैस कर लिया गया था। साथ ही 29 वर्कर घायल हुए हैं। पुलिस स्टेशन बरोटीवाला में विभिन्न धाराओं के तहत कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मामले में प्लांट हेड को गिरफ्तार किया गया है। किसी प्रकार की सूचना के लिए एसपी बद्दी के फोन नंबर पर 01795-245800 पर संपर्क कर सकते हैं।