शाहपुर। कांगड़ा जिला के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत चंबी मैदान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिरकत की।
उन्होंने महिला विकास प्रोत्साहन योजना के तहत शिमला के सक्षम क्लस्टर लेवल फेडरेशन बसंतपुर, रिकांगपिओ की डोलमा नेगी, कुमारसेन की पारुल मिन्हास, मंडी से अंशुल मल्होत्रा, कांगड़ा जिला की निकिता को एक-एक लाख रुपये की धनराशि देकर सम्मानित किया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 11 जिलों से सर्वश्रेष्ठ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के साथ-साथ 12 जिलों से सर्वश्रेष्ठ स्वयं सहायता समूह को भी सम्मानित किया। उन्होंने कांगड़ा जिला से 10वीं और 12वीं की 10-10 मेधावी छात्राओं को भी नकद पुरस्कार वितरित किए।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिला कि 16 महिलाओं और एक गैर सरकारी संगठन को उत्कृष्ट कार्य के लिए भी सम्मानित किया। उन्होंने मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना की पात्र लाभार्थी शाहपुर की प्रगति को घर बनाने के लिए 3 लाख रुपये तथा मोहिनी देवी को शादी के लिए 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक भी प्रदान किए।
उन्होंने कबड्डी की तीन राष्ट्रीय महिला खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया। उन्होंने मंडी के नैना फेडरेशन, मशोबरा के ‘सबका साथ सबका विकास क्लस्टर’, पांवटा साहिब के श्री देवी साहिबा, चौंतड़ा मंडी की दीपा कुमारी, जुब्बल के जय लखदाता वीर देवता, नादौन के राधेकृष्ण, बमसन के गौरी स्वयं सहायता समूह, गोपालपुर मंडी की अल्का, चंबा के गंगा स्वयं सहायता समूह, मंडी के जय मां टुंग स्वयं सहायता समूह, शिव शक्ति स्वयं सहायता समूह रैत तथा रमा ठाकुर को भी सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विकासात्मक प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया।
समारोह में आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा, राज्य वित्त आयोग के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया, हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली, विधायक संजय रत्न, मलेंद्र राजन, आशीष बुटेल, किशोरी लाल, कमलेश ठाकुर, मुख्यमंत्री के प्रधान आईटी सलाहकार गोकुल बुटेल, हिमाचल राज्य कामगार बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर, हिमाचल प्रदेश औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष विशाल चंबियाल, हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष संजय सिंह चौहान, एपीएमसी के अध्यक्ष निशु मोंगरा, कांग्रेस नेता सुरेंद्र मनकोटिया, कर्ण सिंह पठानिया, देवेंद्र जग्गी, डॉ. राजेश शर्मा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।