कुल्लू। जिला कुल्लू के शमशी स्थित एसएसबी (SSB) ट्रेनिंग सेंटर में दुखद हादसा हुआ है। यहां पर हुए इस हादसे में राजस्थान पुलिस के एक प्रशिक्षु की जान चली गई।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान पुलिस के करीब 494 युवा इन दिनों हिमाचल की वादियों में कड़ा प्रशिक्षण ले रहे हैं। जब इंडोर क्लास में ब्रेक हुआ, तो 23 वर्षीय राम सैनी अन्य साथियों के साथ बाहर निकले।
अचानक मौसम ने करवट बदली और तेज अंधड़ चलने लगा। हवा का झोंका इतना भीषण था कि पास ही खड़ा एक विशालकाय 'पॉपलर' का पेड़ जड़ समेत उखड़ गया। ये पेड़ सीधे राम सैनी पर जा गिरा जिससे वह उसके भारी तने के नीचे दब गए।
हादसा इतना भयावह था कि राम सैनी के सिर, पेट और पैरों में जानलेवा चोटें आईं। मौके पर मौजूद साथी जवानों और अधिकारियों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और लहूलुहान हालत में उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक मदनलाल कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक के साथी पंकज मालव के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। इस दौरान एसएसबी के सहायक कमांडेंट जिया लाल और राजस्थान पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
जयपुर स्थित राम सैनी के परिजनों को इस हादसे की जानकारी दे दी गई है। बेटे की शहादत और इस आकस्मिक वियोग की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया है और परिजन कुल्लू के लिए रवाना हो चुके हैं। देह को कुल्लू अस्पताल के शवगृह में सुरक्षा घेरे में रखा गया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद देह पैतृक गांव रवाना की जाएगी।