हरिपुर। कांगड़ा जिला के देहरा विधानसभा क्षेत्र के हरिपुर क्षेत्र के गांव बिलासपुर में एक व्यक्ति की संदिग्ध हालात में मृत्यु हो गई। प्रारंभिक जांच में सांप के काटने से मौत के कयास लगाए जा रहे हैं, क्योंकि टांगों पर सांप के काटने के चिन्ह प्रतित हो रहे हैं। हालांकि मौत के कारणों का पूरी तरह पता पोस्टमार्टम डिटेल रिपोर्ट के बाद ही चल पाएगा।
बता दें कि बिलासपुर निवासी मनमीत सिंह (42) दिहाड़ी मजदूरी का काम किया करता था। 13 जुलाई को करीब रात को साढ़े 8 बजे खाना खाकर सोने के लिए कच्चे मकान की पहली मंजिल यानी बौड़ में चला गया। व्यक्ति अपने पुश्तैनी मकान में अपने भाई के साथ रहता था।
अगले दिन दोपहर बाद जब उसकी भाभी घर में झाड़ू लगा रही थी तो उसे बदबू आने लगी और वह बौड़ गई तो देखा की मनप्रीत मृत पड़ा था। उसने सूचना लोगों को दी। सूचना मिलने पर संबंधित पंचायत प्रधान व ग्रामीण एकत्रित हुए और उसके शव को नीचे लाया गया। जब उसके शरीर में देखा गया तो उस पर सांप के काटने जैसे निशान देखे गए।
मामले की सूचना पुलिस थाना हरिपुर में दी गई। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी महिंद्र सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और हालात का जायजा लेकर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान कलमबद्ध किए गए। शव का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज टांडा में किया जाएगा।
पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया है।एसपी पुलिस जिला देहरा संदीप धवल ने कहा कि शव को कब्जे में ले लिया है। मौत कैसे हुई इसका पता पोस्टमार्टम के बाद ही चल पाएगा।