कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के पुलिस थाना लम्बागांव में दर्ज गहना चोरी के एक मामले में गहन तफ्तीश करते हुए पुलिस टीम ने अंतरराज्यीय स्तर पर बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और कड़ाई से की गई पूछताछ के आधार पर चोरी के आभूषणों के नेटवर्क को खंगालते हुए हरियाणा तक पहुंच बनाई और वहां से भारी मात्रा में सोना बरामद किया है। इस मामले में मुख्य आरोपियों सहित अब तक कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना लम्बागांव में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 के तहत चोरी का मामला (अभियोग संख्या: 39/2026, दिनांक 06.05.2026) दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जब मुख्य आरोपियों और अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो चोरी के आभूषणों की खरीद-फरोख्त की पूरी श्रृंखला का खुलासा हो गया। तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस की एक टीम ने हरियाणा में दबिश दी।
जांच के दौरान पुलिस ने हरियाणा के जिला हिसार के रहने वाले आरोपी रवि को दबोचा। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 47.69 ग्राम सोना (मनकों सहित) बरामद करने में सफलता हासिल की है। आरोपी रवि ने चोरी के इन आभूषणों को खरीदकर अपने कब्जे में छुपा कर रखा हुआ था। मामले में संलिप्त सभी पांचों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
इस वारदात के बाद जिला कांगड़ा पुलिस ने नागरिकों से सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने का आग्रह किया है।
CCTV कैमरे लगवाएं: अपने घरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी (CCTV) कैमरे जरूर स्थापित करें।
संदिग्धों पर रखें नजर: अजनबी फेरीवालों, संदिग्ध व्यक्तियों या अपरिचित लोगों पर हमेशा सतर्क दृष्टि रखें।
सुरक्षित रखें कीमती सामान: अपनी कीमती नकदी और आभूषणों को हमेशा सुरक्षित स्थानों (जैसे लॉकर आदि) में ही रखें।
नजदीकी पुलिस थाना या हेल्पलाइन पर दें सूचना: किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी।
जिला कांगड़ा पुलिस का संदेश : "सतर्क नागरिक ही सुरक्षित समाज की पहचान हैं। अपराध के विरुद्ध हमारी कार्रवाई निरंतर जारी है—किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।"