सुभाष चौहान/ज्वालाजी। कांगड़ा जिला के ज्वालाजी के समीप अंब पठियार पंचायत के अंबडोली के कुछ लोगों के लिए फोरलेन का काम परेशानी का सबब बन गया है। फोरलेन निर्माण की वजह से लगभग एक महीने से 10-12 परिवार पीने के पानी से महरूम हैं।
बता दें कि शिमला-मटौर नेशनल हाईवे को फोरलेन करने का कार्य चला हुआ है। ज्वालाजी से नादौन तक भी फोरलेन का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
फोरलेन कार्य के लिए जेसीबी से खुदाई की गई है। अंबडोली में जेसीबी से खुदाई करते समय पानी सप्लाई की पाइप उखाड़ दी गई है। इसके कारण लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है।
पानी की समस्या से परेशान लोगों ने फोरलेन निर्माण ठेकेदार से कई बार गुहार लगाई है। ठेकेदार ने प्लास्टिक की पाइप डालकर समस्या को हल करने की बात कही थी, लेकिन लंबे इंतजार के बाद भी समस्या का कोई समाधान नहीं हो सका है।
थक हार कर लोगों ने वीरवार को ठेकेदार द्वारा काम करवाने के लिए रखे व्यक्ति से बात की तो उन्होंने कहा कि मैंने यहां की नौकरी छोड़ दी है। मैं कुछ नहीं कर सकता।
सभी ग्रामीणों ने प्रशासन से पानी की समस्या को हल करने की गुहार लगाई है। लोगों ने कहा कि यदि प्रशासन भी उनकी समस्या का समाधान शीघ्र नहीं करता है तो हमें मजबूरन चक्का जाम करके रोड़ बंद करके धरने पर बैठना पड़ेगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।