कांगड़ा। नशा तस्करी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाते हुए पालमपुर के बिंद्रावन से दो मुख्य कुख्यात आदतन तस्करों को तीन माह की अवधि के लिए जिला जेल कांगड़ा स्थित धर्मशाला में निरुद्ध किए जाने के आदेश पारित किए गए हैं। ये दोनों पति व पत्नी लंबे समय से नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी के मामलों में संलिप्त थे।
जानकारी के अनुसार, आरोपी सागर शर्मा उम्र 34 साल पुत्र नरेश शर्मा निवासी गांव पडेर डाकघर बल्लह, तह0 पालमपुर जिला कांगड़ा और आरोपी ज्योति उम्र 38 साल पत्नी सागर शर्मा हाल वार्ड न0 6 गांव व डाकघर बिंद्रावन तह0 पालमपुर जिला कांगड़ा दोनों के विरूद्ध थाना पालमपुर, जिला कांगड़ा में ND&PS Act, 1985 के अंतर्गत मादक पदार्थों की अवैध तस्करी से संबंधित चार/चार मामले पंजीकृत हैं।
इसमें उनके कब्जे से हेरोइन/चिट्टा, व चरस की बरामदगी की गई थी। बार-बार गिरफ्तारी एवं जमानत पर रिहा होने के बावजूद दोनों आरोपीगणों द्वारा नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी की गतिविधियां जारी रखने के तथ्य सामने आए थे।
पुलिस एवं अन्य खुफिया रिपोर्टों से यह स्पष्ट हुआ कि यह दोनों कुख्यात तस्कर क्षेत्र में नशीले पदार्थों की आपूर्ति और वितरण में सक्रिय रूप से संलिप्त है, जिससे विशेषकर युवाओं के स्वास्थ्य एवं समाज की शांति व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उसकी गतिविधियों को रोकना सार्वजनिक हित एवं जन-सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक पाया गया।
जिस पर जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा दोनों कुख्यात आदतन तस्करों आरोपी सागर शर्मा व ज्योति के खिलाफ स्वापक औषधि और मनः प्रभावी पदार्थ अवैध व्यापार निवारण अधिनियम (PIT NDPS Act), 1988 के अंतर्गत निवारक हिरासत (Preventive Detention) के सम्बन्ध में दिनाँक 02.01.2026 को प्रोपोजल तैयार करके उच्चाधिकारियों के माध्यम से सक्षम प्राधिकारी को भेजा गया था।
कुख्यात नशा तस्कर सागर शर्मा पुत्र नरेश शर्मा के विरुद्ध मादक द्रव्य अधिनियम के चार केस दर्ज हैं। इन मुकदमों के आधार पर, सक्षम प्राधिकारी द्वारा PIT NDPS Act, 1988 की धारा 3(1) के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए, दोनों खुख्यात आदतन तस्करों सागर शर्मा व ज्योति को तीन माह की अवधि के लिए जिला जेल कांगड़ा स्थित धर्मशाला में निरुद्ध किए जाने के आदेश पारित किए गए हैं।
24 मार्च 2026 को पुलिस थाना पालमपुर द्वारा कार्यवाही अमल में लाते हुए आरोपी सागर शर्मा और ज्योति को नियमानुसार गिरफ्तार करके जिला कारागार कांगड़ा स्थित धर्मशाला में निवारक हिरासत पर भेज दिया गया है। जिला कांगड़ा पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध शून्य सहनशीलता नीति के तहत कठोर कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में आगे भी सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।