ऋषि महाजन/नूरपुर। पुलिस जिला नूरपुर का नशे के खिलाफ चलाया अभियान जारी है। इसके तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने मंगलवार को डमटाल थाना क्षेत्र के गांव छन्नी में एक घर पर छापेमारी कर 14.68 ग्राम चिट्टा बरामद किया।
यह कार्रवाई जसविन्द्र पाल उर्फ फौजी और परमजीत उर्फ पम्मा के घर पर की गई। दोनों आरोपी गांव छन्नी, तहसील इन्दौरा, जिला कांगड़ा के रहने वाले हैं। पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार किया।
आरोपियों के खिलाफ थाना डमटाल में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 29-61-85 के तहत केस नंबर 95/25 दर्ज किया गया है। मामले में आगामी कार्रवाई जारी है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और पहले भी कई मामलों में पकड़े जा चुके हैं।
जसविन्द्र पाल पर पहले से पांच केस दर्ज हैं। पहला केस 11 मार्च 2012 को 5 किलो 700 ग्राम पोपी हस्क के साथ दर्ज हुआ था। इसके बाद 10 जून 2013, 17 अप्रैल 2016, 27 अक्टूबर 2019 और 1 मई 2022 को एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज हुए।
परमजीत पर भी पहले से पांच केस दर्ज हैं। ये सभी केस 1996 और 1997 में एक्साइज एक्ट के तहत थाना इन्दौरा में दर्ज हुए थे। जिला पुलिस अधिकारी अशोक रतन ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।