ऋषि महाजन/नूरपुर। कांगड़ा जिला के नूरपुर के नयाजपुर में भारी भरकम पत्थर गिरने से बंद मंडी-पठानकोट नेशनल हाईवे रात करीब 12 बजे बहाल किया गया।
बता दें कि मंगलवार रात करीब साढ़े 10 बजे नूरपुर के नयाजपुर क्षेत्र में मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक भारी-भरकम पत्थर गिरने से हाईवे अचानक बंद हो गया। इस कारण पठानकोट-मंडी की ओर जाने वाली बसें और अन्य वाहन जाम में फंस गए।
गनीमत रही कि पत्थर गिरते समय सड़क पर कोई वाहन नहीं था। घटना के महज पांच मिनट बाद अमृतसर से मनाली जा रही एक बस उक्त स्थान पर पहुंची, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना प्रशासन को दी। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर दो जेसीबी मशीनें भेजीं और रात करीब 12 बजे तक मार्ग को साफ कर यातायात बहाल कर दिया गया।
यह क्षेत्र पहले भी दुर्घटनाओं की दृष्टि से संवेदनशील रहा है। लगभग दो वर्ष पूर्व भी इसी स्थान पर एक कार पर पत्थर गिरा था, जिससे एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ था।
वार्ड नंबर 9 के पूर्व पार्षद अश्विनी कुमार डफा समेत अन्य स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में इस तरह की घटनाओं की आशंका और बढ़ जाती है, ऐसे में संबंधित विभागों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल अस्थायी राहत कार्यों से समाधान नहीं होगा। इस क्षेत्र में सुरक्षा दीवारें, मजबूत फेंसिंग और साइन बोर्ड जैसी स्थायी व्यवस्थाएं की जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न दोहराई जाएं।