ऋषि महाजन/नूरपुर। कांगड़ा जिला के फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में ब्यास नदी और उसके आसपास हो रहे अवैध खनन की शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। डीसी कांगड़ा हेमराज बैरवा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत फतेहपुर उपमंडल के अंतर्गत ब्यास नदी, रे, टटवाली और रियाली ग्राम पंचायत क्षेत्रों में खनन गतिविधियों पर सख्त प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए हैं। इन क्षेत्रों में शाम 5 बजे से सुबह 6 बजे तक किसी भी प्रकार की माइनिंग एक्टिविटी नहीं हो सकेगी। जिला प्रशासन से जारी आदेशों के बाद अब नूरपुर जिला पुलिस ने भी कमर कस ली है।
बता दें कि फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में ब्यास नदी और उसके आसपास हो रहे अवैध खनन को लेकर जहां लंबे समय से शिकायतें सामने आ रही थीं, वहीं फतेहपुर के विधायक एवं योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष, कैबिनेट रैंक प्राप्त भवानी सिंह पठानिया की सक्रिय भूमिका के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं।
फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के मंड एरिया में बहने वाली ब्यास नदी में बरसात और पौंग बांध से पानी छोड़े जाने के दौरान हर साल तबाही का मंजर देखने को मिलता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ब्यास नदी और उसके आसपास हो रहे अवैध खनन के कारण पानी का बहाव रिहायशी इलाकों की ओर मुड़ जाता है, जिससे जान-माल का खतरा बढ़ जाता है। इसी को लेकर स्थानीय लोगों ने अवैध खनन के खिलाफ मोर्चा खोल रखा था और लगातार प्रशासन को शिकायतें दी जा रही थीं।
फतेहपुर विधानसभा के विधायक एवं योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया ने अवैध खनन के खिलाफ खुद मैदान में उतरकर मोर्चा संभाला। पिछले दिनों विधायक ने न केवल ब्यास नदी में जाकर स्थिति का जायजा लिया, बल्कि विधानसभा सत्र के दौरान भी अवैध खनन के खिलाफ सख्त कानून बनाने की जोरदार मांग उठाई थी । उनकी पहल और दबाव के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया और अवैध खनन पर शिकंजा कसने की प्रक्रिया तेज हुई।
जारी आदेशों के अनुसार संबंधित क्षेत्रों में शाम 5 बजे से सुबह 6 बजे तक सभी प्रकार की खनन गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। खनन और लोडिंग का कार्य केवल सुबह 6 बजे से शाम 5 बजे तक किया जा सकेगा, जबकि खनिज सामग्री से लदे टिप्पर और ट्रकों की आवाजाही सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक ही मान्य होगी। प्रशासन का कहना है कि यह कदम जन सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।
वहीं आदेशों की सख्ती से अनुपालना सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस प्रशासन भी अलर्ट मोड पर आ गया है। पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और अवैध खनन पर कड़ी नजर रखी जा रही है। एसपी पुलिस जिला नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने कहा कि जिला दंडाधिकारी द्वारा जारी आदेशों की सख्ती से पालना करवाई जाएगी। ब्यास नदी और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की नियमित गश्त बढ़ा दी गई है। अवैध खनन, लोडिंग या नियमों के उल्लंघन पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।