मंडी। मंडी पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस थाना औट के अंतर्गत पुलिस टीम ने गश्त के दौरान भारी मात्रा में अवैध भांग की खेती का पर्दाफाश करते हुए 3 लाख से अधिक पौधों को मौके पर ही नष्ट कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, 10 अगस्त 2026 को पुलिस थाना औट में अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध धारा 20 एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला (FIR No. 91/2026) पंजीकृत किया गया है।
ग्राम पंचायत सोगमाड़ के गांव छलवार में गश्त और तलाश के दौरान वन विभाग की भूमि (खसरा नं. 482, मुहाल चलौट) पर लगभग 8 बीघा भूमि के 27 पटीदार खेतों में कुल 3,11,110 भांग के पौधे पाए गए।
राजस्व अधिकारियों और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 10 पौधों को साक्ष्य और नमूने (सैंपल) के तौर पर सील कर सुरक्षित रख लिया गया, जबकि शेष 3,11,100 पौधों को मौके पर ही जड़ से उखाड़कर नष्ट कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक, जिला मंडी ने बताया कि इस प्रकरण में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। राजस्व विभाग के माध्यम से भूमि की निशानदेही और संबंधित दस्तावेजीकरण की प्रक्रिया जारी है, ताकि अवैध खेती करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।