हमीरपुर। कार्मिक विभाग के अंतर्गत सचिवालय प्रशासनिक सेवाएं-1 में क्लर्क (जॉब ट्रेनी) के 40 पदों को भरने के लिए हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (HPRCA) ने पात्र उम्मीदवारों से पोस्ट कोड-26045 के तहत आवेदन मांगें हैं। इसके लिए 11 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन का वेब लिंक 14 अगस्त से खुलेगा।
अभ्यर्थी के पास किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से बैचलर डिग्री होनी चाहिए। कंप्यूटर पर इंग्लिश टाइपिंग में कम से कम 30 शब्द प्रति मिनट या हिंदी टाइपिंग में 25 शब्द प्रति मिनट की स्पीड होनी चाहिए। हिमाचल प्रदेश के रीति-रिवाजों, तौर-तरीकों और बोलियों की जानकारी आदि होनी चाहिए।
भर्ती में 120 मार्क्स का कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट/रिटन स्क्रीनिंग टेस्ट होगा, जोकि डेढ़ घंटे का होगा या जैसा आयोग तय करेगा। शॉर्टलिस्ट किए गए कैंडिडेट्स को एक तय टाइपिंग स्किल टेस्ट देना होगा। सिलेबस की बात करें तो ऑब्जेक्टिव टाइप स्क्रीनिंग टेस्ट में 120 मल्टीपल-चॉइस सवाल होंगे और हर सवाल के लिए 1 अंक होगा।
सामान्य ज्ञान, जिसमें हिमाचल प्रदेश का सामान्य ज्ञान और करंट अफेयर्स शामिल हैं। रोजमर्रा की साइंस, लॉजिकल रीजनिंग, सोशल साइंस और मैट्रिक लेवल की सामान्य अंग्रेज़ी और सामान्य हिंदी के प्रश्न आएंगे। कंप्यूटर पर वर्ड प्रोसेसिंग का ज्ञान जरूरी है। हालांकि, HPRCA समय आने पर अपनी ऑफिशियल वेबसाइट पर डिटेल्ड सिलेबस जारी कर सकता है।
पदों के लिए सभी छात्रों से 800 रुपए फीस ली जाएगी। न्यूनतम और अधिकतम आयु सीमा क्रमशः 18 और 45 वर्ष रहेगी और इसकी गणना 01 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। ऑनलाइन एप्लीकेशन फॉर्म की डाउनलोड की गई कॉपी के साथ जरूरी ओरिजिनल सर्टिफिकेट और खुद से अटेस्ट की हुई फोटोकॉपी, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के समय या HPRCA द्वारा आवेदकों की पात्रता की जांच के लिए ज़रूरत पड़ने पर जमा करने के लिए साथ लानी होंगी। चयनित उम्मीदवारों को एकमुश्त निश्चित राशि 12,500 रुपए मिलेगी।