धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री सहारा योजना के प्रशासनिक संचालन एवं क्रियान्वयन का दायित्व स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग से स्थानांतरित कर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग को सौंप दिया गया है। इस योजना के माध्यम से गंभीर बीमारियों से पीड़ित पात्र व्यक्तियों को प्रतिमाह 3 हजार रुपये की वित्तीय सहायता सीधे उनके बैंक खाते में प्रदान की जाती है।
जिला कल्याण अधिकारी, कांगड़ा साहिल मांडला ने बताया कि योजना के अंतर्गत पार्किंसनिज़्म, मैलिग्नेंट कैंसर, पैरालिसिस लकवा, मस्कुलर डिस्ट्राफी, हीमोफीलिया, थैलेसीमिया, रीनल फेल्यर (एक्यूट एवं क्रॉनिक) तथा अन्य ऐसी गंभीर बीमारियां शामिल हैं, जिनके कारण व्यक्ति स्थायी रूप से असमर्थ हो जाता है।
उन्होंने बताया कि पात्र नागरिक अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से अथवा himaccess.hp.gov.in/ekalyan पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ हिमाचली बोनाफाइड प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र (वार्षिक आय 4 लाख से कम) अथवा बीपीएल प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर की नकल, आधार कार्ड, सक्षम अस्पताल द्वारा जारी मेडिकल प्रमाण पत्र उपचार रिकॉर्ड, राशन कार्ड तथा आधार से लिंक बैंक खाते की पासबुक की प्रति संलग्न करनी होगी।