रेखा चंदेल / झंडूता। बिलासपुर जिला की झंडूता पुलिस ने सोने की नकली ईंट बेचने के मामले में दो व्यक्तियों को पकड़ा है। आरोपी पहले दो लाख में एक नकली ईंट बेचने के बाद पांच लाख रुपए में दो और नकली ईंटें बेचने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने दोनों को सौदे से पहले ही दबोच लिया।
बता दें कि 24 फरवरी 2025 को पुलिस थाना झंडूता में हीरापुर के एक व्यक्ति नंद लाल ने शिकायत पत्र सौंपा था। शिकायत में बताया गया कि दो अक्टूबर 2023 को उसके फोन नंबर पर एक राजू नाम के व्यक्ति ने फोन किया।
उसने बताया कि मैंने घर में मकान की खुदाई का काम अपनी मासी के लड़के के साथ लगाया था, तो खुदाई के दौरान मेरे मासी के लड़के को 3 सोने की ईंटें निकली हैं। मकान के काम के लिए और पैसों की जरूरत है। आप एक सोने की ईंट मुझसे खरीद लो और इसके बदले दो लाख रुपये दे देना।
इस पर शिकायतकर्ता ने कहा कि वह पैसे का इंतजाम कर लेते हैं। इसके बाद रिश्तेदारों से उधार लेकर उपरोक्त राजू के बताए पते पर फिरोजपुर झिरका राजस्थान पहुंचा गया। जहां पर बस अड्डे के पास राजू मिला, जिसने शिकायतकर्ता को सोने की ईंट दिखाई।
शिकायतकर्ता ने ईंट को ले लिया और दो लाख रुपये नगद दे दिए। फिर शिकायतकर्ता वापस अपने घर आ गया। सोने की ईंट को देखा तो उसे शक हुआ, क्योंकि ईंट काफी भारी थी। उन्होंने उक्त ईंट का ज्वेलर्स के पास निरीक्षण करवाया तो यह ईंट नकली निकली।
इसके बाद नंद लाल ने दोबारा उनके साथ पांच लाख रुपए में दो ईंटों का सौदा किया। ईंटें लेकर उन्हें रूक्मणी कुंड बुलाया गया है। नंद लाल की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
पुलिस टीम ने रूक्मणी कुंड के पास नाका लगाया। इस दौरान राजस्थान निवासी दोनों आरोपी यूसुफ और इम्तिहान गाड़ी लेकर आए और पुलिस ने उन्हें सोने की दो नकली ईंटों के साथ दबोच लिया।
थाना प्रभारी झंडूता जगदीश कुमार ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया है। दोनों को सात दिन का पुलिस रिमांड मिला है। पुलिस पूछताछ में पता लगाएगी कि आरोपियों ने ये ईंटें कहां से ली हैं और इसमें और कौन कौन शामिल हैं।