ऊना। होली के दिन हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में एक सड़क हादसा पेश आया। अंब के सिद्ध चलेहड़ में HRTC बस और कार की टक्कर हो गई। हादसे में पांच लोग घायल हो गए।
कार में सवार लोग बैह-ढोंटा में एक शोक सभा में शामिल होकर घर लौट रहे थे। मुबारिकपुर-भरवाईं मार्ग पर बुधवार दोपहर बाद यह हादसा उस समय हुआ जब भरवाईं की तरफ जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC ) की बस की सामने से आ रही मारुति कार के साथ जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार सभी पांचों लोग बुरी तरह घायल हो गए। घायलों की पहचान थड़ा निवासी ऊषा देवी, मनभरी, एकता देवी, रवि कुमार और चालक अनिल कुमार के रूप में हुई है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल अंब ले जाया गया। पुलिस भी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई और मामले की छानबीन शुरू कर दी। एसडीपीओ अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस इस सड़क हादसे के कारणों की जांच कर रही है और घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।