शिमला। हिमाचल प्रदेश में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अधिकांश स्टेशनों पर अधिकतम तापमान में 2 से 7 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा है। न्यूनतम तापमान अधिकांश स्टेशनों पर 2 से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा है।
कहीं कहीं पर दो से चार डिग्री कम रहा। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश/बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है।
छतराड़ी, चंबा, कुकुमसेरी, पूह, जोत, तीसा, सराहन, केलांग, सियोबाग, सलूणी, बंजार, भरमौर, पालमपुर, सांगला, धर्मशाला, मनाली, भुंतर, कांगड़ा, जोगिंद्रनगर और कोकसर में हल्की बारिश दर्ज की गई है। हंसा और कोकसर में बर्फबारी हुई है। सुंदरनगर, कांगड़ा, भुंतर में तड़ित के साथ गर्जन दर्ज किया गया। ताबो में तेज हवाएं चली हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की 13 मार्च, 2026 की अपडेट के अनुसार 14 और 17 मार्च को प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश/बर्फबारी की संभावना है। 16 मार्च को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश/बर्फबारी का अनुमान है। 15, 18 और 19 मार्च को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
14 मार्च के लिए कांगड़ा, मंडी और सोलन में हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी है। 15 मार्च को सोलन, सिरमौर, किन्नौर और लाहौल स्पीति को छोड़कर बाकी 8 जिलों में एक या दो जगहों पर ओलावृष्टि, तड़ित के साथ गर्जन, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के अनुमान को लेकर येलो अलर्ट जारी है। 16 मार्च के लिए चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला के लिए येलो अलर्ट जारी है।