तपोवन (धर्मशाला)। तपोवन धर्मशाला में हिमाचल विधानसभा के शीतकालीन सत्र के शुरू होने से पहले कांग्रेस विधायक विधानसभा परिसर में धरने पर बैठे। कांग्रेस विधायकों ने भाजपा के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
कांग्रेस विधायकों का प्रदर्शन चंबा जिला के चुराह विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक हंसराज पर पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज मामले को लेकर था। कांग्रेस विधायकों ने आरोपी विधायकों से इस्तीफे की मांग उठाई। साथ ही भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
कांग्रेस विधायकों का कहना है कि कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाने वाली भाजपा खुद ही नियमों की धज्जियां उड़ाने का काम कर रही है। भाजपा कानून-व्यवस्था पर बहस की मांग तो कर रही है, लेकिन उनके ही विधायक नियम तोड़ने की घटनाओं में शामिल है। भाजपा सदन की गरिमा पर बात करती है, लेकिन खुद उसके नेता ही अनुशासन भंग कर रहे हैं।
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि भाजपा कानून-व्यवस्था पर बड़ी-बड़ी बातें कर रही है, लेकिन सच्चाई यह है कि उनके ही विधायक लगातार नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। विधानसभा की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है, लेकिन जो लोग कानून का पाठ पढ़ाते हैं, वही सबसे पहले उसे तोड़ते हैं। भाजपा को पहले अपने विधायकों को नियंत्रित करना चाहिए, उसके बाद ही कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाने चाहिए।