बिलासपुर। हिमाचल के जिला बिलासपुर में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। किरतपुर-मनाली फोरलेन की टनल नंबर-1 के पास कैंची मोड़ पर दो कारों के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। इनमें से एक चंडीगढ़ और दूसरी यूपी नंबर की गाड़ी थी।
जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ नंबर की गाड़ी में चालक सहित कुल छह लोग सवार थे। टक्कर में सभी यात्री घायल हुए, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से एंबुलेंस से एम्स कोठीपुरा पहुंचाया गया।
टक्कर के बाद वाहन का चालक शुभम (25) पुत्र संजय कुमार निवासी गांव चक्का जोगिंद्रनगर गंभीर रूप से घायल हो गया। डॉक्टरों ने उसे अस्पताल में मृत घोषित कर दिया।
यूपी नंबर की कार में चार लोग बैठे थे, जो सुरक्षित बताए जा रहे हैं और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई है। हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर आवाजाही प्रभावित रही। हादसे की सूचना मिलने पर पर्यटन एवं यातायात पुलिस थाना भगेड़ की टीम मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को सड़क किनारे हटाकर यातायात बहाल करवाया गया।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव चौधरी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।