चौपाल। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला के चौपाल उपमंडल स्थित ग्राम पबास के प्रसिद्ध बिजट महाराज मंदिर से लाखों रुपये के सोने के आभूषणों के गायब होने का मामला सामने आया है। मंदिर के पुजारियों श्याम लाल, वीरेंद्र सिंह और प्रकाश चंद ने चौपाल पुलिस थाने में संयुक्त रूप से एक लिखित शिकायत सौंपी है।
शिकायत के अनुसार, ग्राम टियारी निवासी देवेंद्र सिंह (पुत्र आलम चंद) मंदिर में भंडारी के पद पर कार्यरत था। श्रद्धालुओं और मंदिर समिति के धार्मिक विश्वास को देखते हुए उसे मंदिर की चाबियां और बहुमूल्य संपत्ति की अभिरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
आरोप है कि देवेंद्र सिंह ने इस भरोसे का फायदा उठाते हुए अपनी देखरेख में रखे लगभग 8 से 10 लाख रुपये के स्वर्ण आभूषणों का गबन किया और आपराधिक न्यासभंग का अपराध अंजाम दिया।
पुजारियों की शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस थाना चौपाल में आरोपी देवेंद्र सिंह के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 316(2) के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है।
चौपाल पुलिस की टीम ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है और गबन किए गए बहुमूल्य स्वर्ण आभूषणों को जल्द से जल्द बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।