धर्मशाला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राष्ट्रमंडल संसदीय संघ भारत क्षेत्र, जोन-2 का वार्षिक सम्मेलन में हिमाचल प्रदेश के हितों की जोरदार पैरवी की। उन्होंने कहा कि पंजाब-हरियाणा में बहने वाली अधिकतर नदियां हिमाचल से ही जाती हैं। हाइड्रो के मामले में हम वेल्थ स्टेट हैं, इसका हमें लाभ मिलना चाहिए।
हिमाचल के पहाड़ उत्तर भारत को शुद्ध हवा देने के लिए फेफड़ों का काम करते हैं। हमारा फॉरेस्ट कवर 28 फीसदी है। इसका भी हमें फायदा दिया जाना चाहिए।
पार्टी व्हिप का उल्लंघन करने वाले विधायकों के खिलाफ दल-बदल कानून को सही तरीके से लागू कर हिमाचल ने पूरे देश को नई राह दिखाई है।
पहाड़ी प्रदेशों के लिए अलग से नीतियां बनाई जानी चाहिए। मैदानी क्षेत्रों के साथ जोड़कर पहाड़ी क्षेत्रों का सही विकास सुनिश्चित नहीं हो सकता। मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का प्रमुखता के साथ सम्मेलन में उल्लेख किया।
बता दें कि  राष्ट्रमंडल संसदीय संघ भारत क्षेत्र, जोन-2 का वार्षिक सम्मेलन सोमवार को धर्मशाला के तपोवन स्थित हिमाचल प्रदेश विधानसभा परिसर में शुरू हुआ। 
दो दिवसीय सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्दर सिंह सुक्खू सड़क मार्ग के जरिये शिमला से धर्मशाला पहुंचे। विधानसभा परिसर में पहुंचने पर संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान, माननीय विधायकों और विधानसभा सचिव, अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने विधानसभा पहुंचने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला की गर्मजोशी से अगवानी की। मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह, सहभागी राज्यों के विधानसभा अध्यक्षों, उपाध्यक्षों, चीफ व्हिप और माननीय सदस्यों का तहेदिल से स्वागत किया। सम्मेलन की शुरूआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।