राकेश चंदेल/बिलासपुर। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी विचार विभाग की चेयरपर्सन, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरजा व्यास के आकस्मिक निधन पर जिला बिलासपुर विचार विभाग अध्यक्ष एवं पूर्व प्रशासनिक अधिकारी डॉ. केडी लखनपाल तथा हमीरपुर लोकसभा विचार विभाग के कोऑर्डिनेटर डॉ. अनिल ठाकुर (लक्की) ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
दोनों नेताओं ने संयुक्त शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि डॉ. गिरजा व्यास का निधन कांग्रेस परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि डॉ. व्यास का समर्पण, संघर्ष और सेवाभाव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा रहेगा। लगभग एक माह से वे जीवन-मृत्यु की निर्णायक लड़ाई लड़ रही थीं। उनका संपूर्ण जीवन जनकल्याण और राष्ट्र सेवा को समर्पित रहा।
डॉ. लखनपाल और डॉ. ठाकुर ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि ईश्वर शोक संतप्त परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करे। उन्होंने कहा कि 1970 के दशक में जब राजनीति में महिलाओं की भागीदारी नगण्य थी, उस समय डॉ. व्यास का राजनीति में पदार्पण साहसिक और ऐतिहासिक कदम था।
डॉ. व्यास को एक नॉन-कंट्रोवर्शियल, प्रखर और सुलभ नेता के रूप में याद किया जाएगा। वे एक वटवृक्ष समान थीं, जिनकी छांव में आम कार्यकर्ता भी सहजता से संवाद कर सकता था। उनके व्यवहार से हर कांग्रेस नेता को सहजता और सेवा का पाठ सीखना चाहिए। यही कारण है कि वे पार्टी कार्यकर्ताओं के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगी।